नाश्ते में भारतीयों घरों में ज्यादातर पराठे बनाए जाते हैं, कभी आलू, प्याज, गोभी, मूली और पनीर के पराठे तो अक्सर घरों में बनते हैं. मगर क्या आपने कभी लौकी-सिंघाड़े के आटे के पराठे ट्राई किए हैं, इनका स्वाद भी बाकी पराठों से अलग होता है और यह हमारी हेल्थ के लिए भी परफेक्ट माने जाते हैं.
अगर आपके घर में भी पराठे बनाए जाते हैं तो आप लौकी-सिंघाड़े के आटे के पराठे बना सकते हैं, शेफ संजीव कपूर ने इनकी आसान रेसिपी भी शेयर की है, जिसे आप अपने घर पर ट्राई कर सकते हैं. बच्चे घरों में लौकी खाने के लिए अक्सर मुंह बनाते हैं, मगर इस तरह से आप उनको जब चाहे तब लौकी खिला सकती हैं. पराठे वैसे भी बच्चो को बहुत अच्छे लगते हैं और आप इस तरह उनको लौकी के हेल्दी पराठे खिला सकते हैं.आइए सिंघाड़े और लौकी के पराठे बनाने का आसान तरीका जानते हैं.
सिंघाड़े-लौकी पराठा के लिए इंग्रेडिएंट्स
डेढ़ कप सिंघाड़े का आटा
150 ग्राम लौकी, छीलकर कद्दूकस की हुई
1 मिडियम शेप की गाजर, छीलकर कद्दूकस की हुई
आधा छोटा चम्मच जीरा
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
सेंधा नमक स्वादानुसार
डेढ़ छोटा चम्मच अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट
2-3 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
घी, पराठा सेंकने और केले के पत्ते पर लगाने के लिए
दही
केले का पत्ता
बनाने का तरीका
1. सब्जियों का मिश्रण तैयार करें: एक बड़े कटोरे में कद्दूकस की हुई गाजर और लौकी डालें. इसमें जीरा, लाल मिर्च पाउडर, सेंधा नमक, अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट और कटा हुआ हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें.
2. आटा गूंथें: अब इसमें सिंघाड़े का आटा डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. धीरे-धीरे लगभग तीन-चौथाई कप पानी डालकर नरम आटा तैयार कर लें. पानी जरूरत के हिसाब से थोड़ा कम या ज्यादा हो सकता है.
3. पराठे का आकार दें: केले के पत्ते पर थोड़ा घी लगाएं. तैयार मिश्रण का एक हिस्सा लेकर पत्ते पर समान रूप से फैलाएं, ताकि पराठा ज्यादा मोटा न रहे.
4. तवे पर पकाएं: तवा गर्म करें और केले के पत्ते से पराठे को सावधानी से तवे पर डालें. मिडियम फ्लेम पर करीब 3 से 4 मिनट तक पकाएं.
5. दूसरी तरफ से सेंकें: पराठे को पलटकर दूसरी तरफ भी 2 से 3 मिनट तक पकाएं. अब थोड़ा घी लगाएं और हाई फ्लेम पर दोनों तरफ लगभग 30 से 30 सेकंड तक सेंक लें, ताकि पराठा अच्छी तरह पक जाए.
गर्मागर्म करें सर्व
सिंघाड़ा-लौकी पराठे को प्लेट में निकालें और दही के साथ गर्मागर्म परोसें. आप चाहे तो घरवालों को इसके साथ में अचार और चटनी भी दे सकते हैं.
प्रो टिप: लौकी में पहले से पानी होता है, इसलिए आटा गूंथते समय पानी धीरे-धीरे डालें. अगर आप इसे व्रतके दिन बना रहे हैं तो इसे बनाते समय सेंधा नमक का इस्तेाल करें.










