कन्नौज
दिवाली पर घर में खुशियां मनाने की उम्मीद लेकर हरियाणा से लौट रहा एक परिवार रास्ते में दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। हरदोई-कन्नौज मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे तालाब में जा गिरी। हादसे में कार सवार दंपती और उनके तीन माह के नवजात बच्चे की डूबने से मौत हो गई। हादसे में पूरा परिवार खत्म हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, हरदोई की फल मंडी निवासी 36 वर्षीय रमेश कुमार गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। दिवाली का त्योहार मनाने के लिए वह अपनी 30 वर्षीय पत्नी नीलम और तीन माह के बच्चे के साथ कार से घर लौट रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे हरदोई जिले के बिलग्राम थाना क्षेत्र के परसोला गांव के पास अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित गहरे तालाब में जा गिरी।
बेकाबू कार तालाब में डूबी, पति-पत्नी और बच्चे की मौत
तालाब में पानी अधिक होने के कारण कार सवार तीनों लोग बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद कार से तीनों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल कन्नौज पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
दिवाली से पहले परिवार में छाया मातम
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। दिवाली से पहले परिवार के तीन सदस्यों की मौत से घर में मातम छा गया। सदर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप ने बताया कि हादसे में दंपती समेत तीन लोगों की मौत हुई है। घटनास्थल हरदोई जिले में होने के कारण मामले की जांच हरदोई पुलिस करेगी।









