मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयादशमी के अवसर पर इंदौर की DRP लाइन में शस्त्र पूजन किया।
इस दौरान उन्होंने पुलिस सेतु ऐप लॉन्च किया, पुलिस बुलेट रैली को हरी झंडी दिखाई और पुलिस विभाग को वाहन भी सौंपे। कार्यक्रम में सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर होगी भर्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पुलिस विभाग के 18,500 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न विभागों में कुल 85 हजार पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। अगले दो वर्षों में रिक्त पदों को भरने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि अगले वर्ष को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा और मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की विशेष परीक्षाएं जनवरी-फरवरी में आयोजित करने की योजना है।
पुलिस को आधुनिक संसाधनों से किया जाएगा लैस
सीएम ने कहा कि पुलिस प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधनों और जांच के नए तरीकों पर जोर दिया जा रहा है। फॉरेंसिक सुविधाओं को मजबूत करने के साथ नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने पुलिस विभाग के कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि 26 जनवरी और 15 अगस्त जैसे अवसरों पर बड़े आयोजन किए जाएंगे।
विजयादशमी पर शस्त्र पूजन की परंपरा का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सत्य की असत्य पर विजय का प्रतीक है। मान्यता के अनुसार, इसी दिन मां दुर्गा ने महिषासुर का वध किया था और भगवान श्रीराम ने रावण पर विजय प्राप्त की थी।
उन्होंने आगे कहा कि शस्त्र और शास्त्र, दोनों सनातन संस्कृति का हिस्सा हैं।









