इंदौर में कन्या भोज में बुलाकर 7 बच्चियों से कपड़े उतरवाकर की मारपीट, सरकारी स्कूल की रिटायर्ड टीचर पर परिजनों ने लगाया आरोप

Author Picture
By Raj RathorePublished On: October 20, 2026

इंदौर में कन्या भोज के लिए गईं सात बच्चियों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि शहनाई रेसिडेंसी के फ्लैट में रहने वाली सरकारी स्कूल की रिटायर्ड टीचर अनिता मोहता ने बच्चियों पर चोरी का आरोप लगाकर उनके साथ मारपीट की।

बच्चियों के कपड़े उतरवाने और करीब चार घंटे तक कमरे में बंद रखने के आरोप भी लगाए गए हैं। मामले की शिकायत मिलने के बाद एमआईजी पुलिस ने बच्चियों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद परिजन बच्चियों को लेकर एमआईजी थाने पहुंचे और महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस अब बच्चियों के आरोपों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

गिफ्ट और पैसे देने का कहकर फ्लैट पर बुलाया 

बच्चियों के मुताबिक, वे बीआरटीएस के एमआर-9 चौराहे के पास स्थित शहनाई रेसिडेंसी में कन्या भोज के लिए गई थीं।

यहां फ्लैट नंबर 303 में रहने वाली अनिता मोहता ने उन्हें अपने घर पर भी खाने के लिए बुलाया था। आरोप है कि महिला ने बच्चियों को गिफ्ट और पैसे देने की बात कही थी।

चोरी का आरोप लगाकर मारे थप्पड़

बच्चियों का आरोप है कि फ्लैट पर पहुंचने के बाद महिला ने घर में रखे पैसे चोरी करने का आरोप लगाया। इसके बाद उन्हें कमरे में बंद कर थप्पड़ मारे गए। बच्चियों ने चोरी करने से इनकार किया, लेकिन महिला ने उनकी बात नहीं सुनी।

परिजनों ने आरोप लगाया कि इस दौरान बच्चियों के कपड़े भी उतरवाए गए और उनके साथ मारपीट की गई। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

चार घंटे तक कमरे में बंद रखा 

परिजनों के मुताबिक, बच्चियों को करीब चार घंटे तक कमरे में बंद रखा गया था। आरोप है कि कमरे के दरवाजे पर ताला लगा दिया गया और बच्चियों को धमकाया गया कि यदि वे चिल्लाईं तो उन्हें घर नहीं जाने दिया जाएगा और जान से मार दिया जाएगा।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन बच्चियों को लेकर एमआईजी थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से शिकायत कर महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

नया बसेरा क्षेत्र में 10 साल तक पढ़ा चुकी हैं महिला

जिस महिला पर आरोप लगाए गए हैं, वह सरकारी स्कूल से रिटायर्ड टीचर हैं। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने नया बसेरा क्षेत्र में करीब 10 साल तक पढ़ाया है। इसी इलाके में ये बच्चियां रहती हैं।

एमआईजी थाना प्रभारी चंद्रभाल सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है। बच्चियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल, बच्चियों और उनके परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।