इंदौर के जूनी इंदौर इलाके में मंगलवार रात रावण दहन के दौरान उड़ी पटाखे की चिंगारी से एक बंद पड़ी बिल्डिंग की छत पर आग लग गई। घटना रात करीब सवा 9 बजे ट्रांसपोर्ट नगर में सुयोंग अस्पताल के सामने हुई।
आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मोती तबेला फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
छत पर रखे वेस्ट मटेरियल में लगी आग
जूनी इंदौर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता के मुताबिक, ट्रांसपोर्ट नगर में सुयोंग अस्पताल के सामने स्थित एक बंद बिल्डिंग की छत पर वेस्ट मटेरियल रखा हुआ था।
इसी दौरान वहां अचानक आग लग गई। छत पर रखे सामान के कारण आग तेजी से फैलने लगी। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
रावण दहन के दौरान उड़ी चिंगारी से आग लगने की आशंका
रहवासियों के मुताबिक, बिल्डिंग के पास कुछ बच्चे रावण दहन कर रहे थे। इसी दौरान पटाखे की चिंगारी उड़कर बंद बिल्डिंग की छत पर पहुंच गई, जिससे वहां रखे वेस्ट मटेरियल में आग लग गई।
आग बुझाने के दौरान एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली भी कुछ देर के लिए बंद की गई। दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। पुलिस के मुताबिक, घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।










