वार्ड क्रमांक 9 में भाजपा पार्षद राहुल जायसवाल और मशहूर भजन गायक गन्नू महाराज के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में दोनों के बीच बिजली के पोल की ऊंचाई और जगह को लेकर बहस होती दिखाई दे रही है। इसी दौरान गन्नू महाराज पार्षद से कहते सुनाई दे रहे हैं- “कई आए, कई गए… तेरे जैसे भी कई आए और चले गए।”
मामला कमला नेहरू कॉलोनी का बताया जा रहा है। यहां उद्यान विभाग की जमीन पर संस्कार भवन और योग केंद्र का निर्माण कराया गया है। रविवार को इसका शुभारंभ होना है।
इससे पहले शनिवार को नगर निगम के कर्मचारी भवन के बाहर बिजली के पोल लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान पोल को लेकर गन्नू महाराज और पार्षद राहुल जायसवाल के बीच विवाद हो गया।
तेरे जैसे कई आए और चले गए… इंदौर में जमीन पर कब्जे को लेकर भिड़े पार्षद राहुल जायसवाल और भजन गायक गन्नू महाराज, देखें वीडियो pic.twitter.com/lTcQ3IjYgj
— Raj Rathore (@Rajrathore_18) September 12, 2026
8 फीट की जगह 10 फीट ऊंचा पोल लगाने की मांग
जानकारी के मुताबिक, गन्नू महाराज का घर संस्कार भवन के ठीक सामने है। यहां उनके साथ-साथ किराएदारों के वाहन भी खड़े होते हैं। निगम कर्मचारी करीब 8 फीट की ऊंचाई पर पोल लगाने की बात कर रहे थे, जबकि गन्नू महाराज इसे 10 फीट की ऊंचाई पर लगाने की मांग कर रहे थे।
वायरल वीडियो में गन्नू महाराज कहते नजर आ रहे हैं, “आप इसको 10 फीट पर लगा लो। मैं हाथ जोड़ के और आपके चरण छू के बोल रहा हूं, आप 10 फीट पर लगा लो। मैं 8 फीट पर बिल्कुल नहीं लगाने दूंगा।”
इसके बाद उन्होंने मौके पर निगम अधिकारियों को बुलाने की बात भी कही।
पार्षद बोले- पहले भी निर्माण रोकने का प्रयास हुआ
भाजपा पार्षद राहुल जायसवाल ने बताया कि यहां बच्चों को संस्कार की शिक्षा देने के लिए संस्कार भवन और योग केंद्र बनाया गया है। उनके मुताबिक, निर्माण के दौरान पहले भी विवाद हुआ था और इसे रोकने का प्रयास किया गया था।
जायसवाल ने बताया कि इसके बाद क्षेत्र के रहवासियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया था। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो सका। पार्षद ने लेबर के साथ अभद्रता किए जाने का आरोप भी लगाया।











