Rajasthan Royals Captain : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन से पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) ने बड़ी घोषणा की है। टीम ने युवा ऑलराउंडर रियान पराग को अपना नया कप्तान नियुक्त किया है। यह ऐलान तब हुआ जब लंबे समय से टीम की कमान संभाल रहे संजू सैमसन को एक बड़ी ट्रेड डील के तहत चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) भेज दिया गया।
इस ऐतिहासिक ट्रेड में राजस्थान रॉयल्स को दो बड़े खिलाड़ी मिले हैं। दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और इंग्लैंड के सैम करन अब रॉयल्स की जर्सी में खेलते नजर आएंगे। फ्रेंचाइजी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो जारी कर इस नए अध्याय की शुरुआत की जानकारी दी।
जडेजा और यशस्वी को पछाड़ा
कप्तान पद के लिए यशस्वी जायसवाल और टीम में नए शामिल हुए रवींद्र जडेजा का नाम भी चर्चा में था। हालांकि, टीम मैनेजमेंट ने 24 वर्षीय रियान पराग पर भरोसा जताया है। बताया जा रहा है कि हेड कोच कुमार संगकारा ने कई खिलाड़ियों के इंटरव्यू के बाद पराग के नाम पर अंतिम मुहर लगाई।
यह पहली बार नहीं है जब पराग टीम की कप्तानी करेंगे। पिछले सीजन में जब संजू सैमसन चोट के कारण 8 मैचों से बाहर थे, तब रियान ने ही टीम का नेतृत्व किया था। उस दौरान टीम ने 8 में से 2 मुकाबलों में जीत हासिल की थी।
View this post on Instagram
कैसा रहा है पराग का प्रदर्शन?
रियान पराग 2019 से लगातार राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रहे हैं। IPL 2024 का सीजन उनके करियर का सबसे सफल सीजन रहा था, जहां उन्होंने 52.09 की औसत और 149.21 की स्ट्राइक रेट से 573 रन बनाए थे। अपने कप्तानी वाले 8 मैचों में भी उन्होंने बल्ले से अच्छा प्रदर्शन करते हुए 38.57 की औसत से रन बनाए थे। इसी दौरान उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ईडन गार्डन्स में 95 रनों की पारी खेली थी, जो उनके आईपीएल करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।
11 साल का सफर समाप्त
संजू सैमसन ने 11 सीजन तक राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व किया। पिछले सीजन के बाद उन्होंने बदलाव की इच्छा जताई थी, जिसके बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें ट्रेड करने का फैसला किया। इस बदलाव के पीछे टीम के पिछले सीजन का खराब प्रदर्शन भी एक वजह माना जा रहा है। 2025 में राजस्थान रॉयल्स केवल चार जीत के साथ अंक तालिका में 9वें स्थान पर रही थी। टीम के कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव हुआ है, क्योंकि राहुल द्रविड़ ने 2025 सीजन के बाद टीम से अलग होने का फैसला किया था।











