मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर प्रदेशवासियों से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की है। उन्होंने इस वर्ष प्रदेश के 5 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि यह अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय सम्मान और स्वतंत्रता आंदोलन के गौरवशाली इतिहास से जन-जन को जोड़ने का अभियान है।
शुक्रवार को आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, स्वतंत्रता दिवस और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्यक्रम व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित कराने के निर्देश दिए।
14 और 15 अगस्त को सिनेमाघरों में बजेगा राष्ट्रगान
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का अनिवार्य प्रसारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी, सहायता प्राप्त संस्थानों, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों, राशन की दुकानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और सामाजिक संगठनों के भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए।
पिछले साल 4.76 करोड़ घरों पर फहराया गया था तिरंगा
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2022 में प्रदेश के 4.10 करोड़ से अधिक, 2023 और 2024 में 4.50 करोड़ से अधिक तथा 2025 में 4.76 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराया गया था। इस वर्ष सरकार ने इसे बढ़ाकर 5 करोड़ घरों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वजों के निर्माण, उपलब्धता और वितरण की समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों, खादी एवं ग्रामोद्योग संस्थाओं, एमएसएमई इकाइयों और स्थानीय उत्पादन केंद्रों को भी अभियान से जोड़ने को कहा। आम लोगों को राशन की दुकानों, ग्राम पंचायत भवनों, जन सेवा केंद्रों, डाकघरों, विद्यालयों और अन्य निर्धारित केंद्रों पर आसानी से तिरंगा उपलब्ध कराया जाएगा।
तिरंगा रैली से लेकर ‘सेल्फी विद तिरंगा’ तक होंगे आयोजन
प्रदेशभर में अभियान के दौरान तिरंगा रैली, तिरंगा संगीत समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा थीम आधारित रंगोली, कलाकृति प्रदर्शनी, प्रकाश सज्जा और ‘सेल्फी विद तिरंगा’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा प्रमुख सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, हवाई अड्डों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख बाजारों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा। विद्यालयों और महाविद्यालयों में स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, चित्रकला प्रतियोगिताएं और राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
9 से 15 अगस्त तक होंगे विशेष आयोजन
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम पूरे सम्मान और गरिमा के साथ आयोजित किए जाएं। वहीं 9 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, शहीद स्थलों और स्मृति स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उन्होंने इन स्थलों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, सजावट और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित करने तथा पुलिस बैंड की सहभागिता के साथ राष्ट्रभक्ति का माहौल बनाने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन आयोजनों से पहले पूरे प्रदेश में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए और सांस्कृतिक कार्यक्रमों, तिरंगा रैलियों तथा सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को इस राष्ट्रीय अभियान से जोड़ा जाए।










