उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 18 जुलाई को बुलंदशहर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे शहर के ऐतिहासिक नुमाइश मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कुमार हर्ष और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पार्किंग और वीआईपी मूवमेंट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
प्रशासन के अनुसार, मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं और कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने की योजना बनाई गई है।
भाजपा संगठन भी तैयारियों में जुटा
भाजपा के जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की जनसभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए पार्टी संगठन भी बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपकर तैयारियों में जुटा हुआ है।
उन्होंने कहा कि जनसभा को सफल बनाने के लिए संगठन और प्रशासन आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं।










