विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, 22 जुलाई को होगा बूथ सम्मलेन का आयोजन

Author Picture
By Raj RathorePublished On: July 15, 2026
UP BJP News

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी सरकार के विकास कार्यों और मजबूत संगठनात्मक ढांचे के सहारे चुनावी बढ़त बनाए रखने की रणनीति पर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जहां लगातार प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर रहे हैं, वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने में जुटे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिछले कई महीनों से लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं। हर दौरे में वे विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ जनसभाओं को संबोधित कर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचा रहे हैं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल से जून 2026 के बीच मुख्यमंत्री ने प्रदेश के दो दर्जन से अधिक जिलों में हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें आगरा (6,466 करोड़ रुपये), सहारनपुर (2,131 करोड़ रुपये), ललितपुर (1,766 करोड़ रुपये) सहित गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, मुजफ्फरनगर, कुशीनगर, गोंडा, उन्नाव, महोबा, हमीरपुर, अलीगढ़, फिरोजाबाद, संतकबीर नगर, हाथरस, मुरादाबाद, पीलीभीत और रामपुर जैसे जिलों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, नगर विकास, खेल और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।

इसी दौरान गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला रखी गई, जबकि लखनऊ में नगर विकास और श्रमिक कल्याण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया गया।

बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की तैयारी

सरकार के साथ-साथ भाजपा संगठन भी चुनावी तैयारियों को धार देने में जुटा है। नई प्रदेश टीम के गठन के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह लगातार जिलों का दौरा कर संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं।

धर्मपाल सिंह ने हाल के दिनों में झांसी, ललितपुर, कानपुर देहात, बरेली, रामपुर, अमरोहा और मुरादाबाद में शक्ति केंद्र संयोजकों एवं बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। वहीं पंकज चौधरी ने मिर्जापुर, सोनभद्र और बहराइच में संगठनात्मक बैठकें कर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने का संदेश दिया।

22 जुलाई को बूथ सम्मेलन

भाजपा 22 जुलाई को उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ सम्मेलन आयोजित करेगी। पार्टी इसे विधानसभा चुनाव 2027 की संगठनात्मक तैयारियों की औपचारिक शुरुआत मान रही है।

इस अभियान का संयोजक प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल को बनाया गया है, जबकि प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह और राहुल वाल्मीकि को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।