पंजाब में पराली विवाद ने पकड़ा तूल, अधिकारी पर हमले के बाद 90 किसानों पर FIR

Author Picture
By EditorPublished On: October 30, 2026

तरनतारन.

पराली और फसली अवशेषों में आग लगाने की घटनाओं को रोकने के लिए निकले ब्लाक खडूर साहिब में तैनात क्लस्टर अफसर मनिंदर सिंह (भूमि एवं जल संरक्षण अफसर, खडूर साहिब) पर वीरवार को गांव कंग में कुछ व्यक्तियों ने हमला कर गंभीर घायल कर दिया।

उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। डिप्टी कमिश्नर राहुल सिंधु ने बताया कि मनिंदर सिंह को कंग, होठियां, हंसावाला, भरोवाल, पिंडियां, खख, गोइंदवाल साहिब और मियानी का क्लस्टर अफसर लगाया गया है और उनके अधीन 3 नोडल अफसर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमला करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। खडूर साहिब के एसडीएम संजीव शर्मा ने घायल मनिंदर सिंह का हाल जाना और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

तरनतारन में पराली जलाने के सबसे अधिक मामले पंजाब के तरनतारन जिले में पराली जलाने के सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। इसी को लेकर वीरवार को पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 किसानों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। डिप्टी कमिश्नर ने साफ कहा है कि आग लगाने वालों और ड्यूटी में बाधा डालने वालों पर कोई रियायत नहीं बरती जाएगी।