मध्यप्रदेश के धार जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर धार और तिरला के बीच चिकलिया ब्रिज के पास हुए भीषण एक्सीडेंट में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
आमने-सामने की टक्कर, मचा कोहराम
हादसा उस वक्त हुआ जब मजदूरों से भरी पिकअप और एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क से नीचे उतर गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पिकअप में सवार थे 50 मजदूर
जानकारी के मुताबिक पिकअप में करीब 50 मजदूर सवार थे, जो दिनभर मजदूरी करने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी।
इस हादसे में 12 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 9 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। मृतकों में एक बच्ची भी बताई जा रही है। सभी मृतक समेलिया, नयापुरा, जलोखिया और सुल्तानपुर गांव के निवासी थे।
अस्पताल में अफरा-तफरी, कई की हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
आईसीयू समेत सभी वार्ड घायलों से भर गए हैं। डॉक्टरों के अनुसार कई लोगों की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
400 रुपए की मजदूरी बनी काल
घायल निलेश डावर के अनुसार सभी मजदूर लेबड़ क्षेत्र में खेतों पर काम करने गए थे, जहां 400 रुपए मजदूरी तय हुई थी। शाम को घर लौटते समय यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में थी और नियंत्रण खो बैठी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के एयरबैग तक खुल गए।
एक ही परिवार के कई लोग खत्म
हादसे में कई परिवार उजड़ गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सुल्तानपुर के पूर्व सरपंच मुन्नालाल डावर के परिवार के तीन सदस्यों—पोता, पत्नी सावित्री और एक 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई।











