इंदौर में पानी की बर्बादी रोकने के लिए नगर निगम ने चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को आरआर कैट रोड स्थित 7 स्टेप गार्डन के सामने दुकान के बाहर पाइप से पानी बहाकर सफाई करने पर 2 हजार रुपये का स्पॉट फाइन लगाया गया।
यह कार्रवाई जोन क्रमांक 21 के वार्ड 79 में की गई। मौके पर पहुंचे महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पानी बहाकर सफाई कर रहे व्यक्ति को रोका और समझाइश दी। इसके बाद निगम की टीम ने चालान बनाया।
महापौर ने मौके पर रुकवाई पानी की बर्बादी
महापौर पुष्यमित्र भार्गव इलाके में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को दुकान के बाहर पाइप से पानी बहाकर सफाई करते देखा।
महापौर ने उसे रोकते हुए कहा कि शहर में बोरिंग के पानी का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं करने की अपील की जा रही है, इसके बावजूद पानी बहाया जा रहा है।
View this post on Instagram
संबंधित व्यक्ति ने महापौर को बताया कि उसने वाटर हार्वेस्टिंग करवा रखी है। इस पर महापौर ने कहा कि वाटर हार्वेस्टिंग कराने का मतलब यह नहीं है कि पानी को बिना जरूरत बहाया जाए। इसके बाद उन्होंने निगम की टीम को बुलाकर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
महापौर बोले- लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा
महापौर ने संबंधित व्यक्ति को समझाइश देते हुए कहा कि शहर में कई लोगों को पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में पानी को इस तरह बहाना उचित नहीं है।
उन्होंने चेताया कि पानी की बर्बादी जारी रही तो आगे चलकर टैंकरों पर निर्भरता बढ़ेगी और लोगों को पानी की कमी का सामना करना पड़ेगा।
निगम की टीम ने लगाया 2 हजार रुपये का स्पॉट फाइन
महापौर के निर्देश पर जोन क्रमांक 21 के वार्ड 79 में सीएसआई मनीष सिंह और सहायक सीएसआई रवि सिंह ने टीम बेसिक्स की मौजूदगी में कार्रवाई की।
दुकान के बाहर पानी बहाकर सफाई करने पर संबंधित व्यक्ति पर 2 हजार रुपये का स्पॉट फाइन लगाया गया।
नगर निगम ने लोगों से की पानी बचाने की अपील
नगर निगम का कहना है कि गर्मी से पहले पानी की बर्बादी रोकना और उपलब्ध जल का सही इस्तेमाल सुनिश्चित करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से अनावश्यक रूप से पानी बहाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि पानी का इस्तेमाल जरूरत के अनुसार करें और सफाई सहित अन्य कामों में बेवजह पानी न बहाएं।











