भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 17 सितंबर को मध्यप्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वे दिल्ली से सीधे इंदौर पहुंचेंगे और सुपर कॉरिडोर स्थित मैदान में आयोजित स्वामित्व योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में वे योजना के कुछ लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से सर्टिफिकेट प्रदान करेंगे। इसके बाद उनका संबोधन होगा। इंदौर में नवीन के करीब सवा घंटे से अधिक समय रुकने की संभावना है।
कार्यक्रम का स्वरूप सरकारी होने के कारण पुलिस और प्रशासन के सामने सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की बड़ी जिम्मेदारी रहेगी। वीआईपी मूवमेंट, पार्किंग, प्रवेश-निकासी और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। वहीं भाजपा संगठन भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने की तैयारी में जुटा है।
50 हजार से ज्यादा लोगों के जुटने की संभावना, 1800 से ज्यादा बसों की व्यवस्था
भाजपा नेताओं के मुताबिक, कार्यक्रम के लिए सुपर कॉरिडोर का मैदान चुनने के पीछे दो प्रमुख कारण हैं। पहला, एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल की दूरी कम होने के कारण नवीन का वहां पहुंचना आसान रहेगा। कार्यक्रम के बाद सड़क मार्ग से उनके काफिले की आवाजाही भी सुगम रहेगी।
दूसरा कारण मैदान का बड़ा आकार है। कार्यक्रम में 50 हजार से ज्यादा लोगों के जुटने की संभावना है। ऐसे में कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था मैदान में की जा सकती है। लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए 1800 से ज्यादा बसों की व्यवस्था की जा रही है।
लाभार्थियों को सर्टिफिकेट देंगे, फिर करेंगे संबोधित
स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण आबादी क्षेत्र की जमीन पर लोगों को मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को गति देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। नवीन मंच से कुछ लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से सर्टिफिकेट प्रदान करेंगे।
इसके बाद वे कार्यक्रम में मौजूद लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। आयोजन को लेकर मंच, बैठक व्यवस्था, प्रवेश-निकासी और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां की जा रही हैं।
इंदौर के बाद नीमच और उज्जैन जाएंगे नवीन
नितिन नवीन 17 सितंबर को इंदौर के अलावा नीमच और उज्जैन भी जाएंगे। नीमच के गांधी सागर अभयारण्य में चीतों को छोड़े जाने से जुड़े कार्यक्रम में उनके शामिल होने की संभावना है।
इसके बाद वे उज्जैन में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रस्तावित दीपोत्सव में शामिल होंगे। उज्जैन में क्षिप्रा के घाटों और महाकाल लोक क्षेत्र में करीब 25 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारी है। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर किया जा रहा है।
17-18 सितंबर को उज्जैन में रहेंगे मोहन भागवत
आरएसएस के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत भी 17 और 18 सितंबर को उज्जैन में रहेंगे। 17 सितंबर को उनका कोई सार्वजनिक कार्यक्रम प्रस्तावित नहीं है। वहीं 18 सितंबर को वे देवास रोड स्थित गीता भवन में आयोजित ‘युवा धर्म संसद’ में युवाओं से संवाद करेंगे।
नितिन नवीन और मोहन भागवत के एक ही दिन मध्यप्रदेश में रहने को लेकर दोनों की मुलाकात की राजनीतिक चर्चा जरूर है, हालांकि फिलहाल ऐसी किसी मुलाकात का आधिकारिक कार्यक्रम सामने नहीं आया है।
राहुल गांधी के कार्यक्रम से दो दिन पहले नवीन का आयोजन
इंदौर में 19 सितंबर को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम प्रस्तावित है। राहुल गांधी के कार्यक्रम से ठीक दो दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का बड़ा आयोजन होने से इसे राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने आईडीए मैदान तय किया गया है और कांग्रेस औपचारिक अनुमति का इंतजार कर रही है। दोनों दलों के बड़े आयोजनों को देखते हुए आने वाले दिनों में पुलिस और प्रशासन की सक्रियता बढ़ने की संभावना है।
सरकारी कार्यक्रम से प्रशासन की चुनौती बढ़ी
नितिन नवीन का कार्यक्रम सरकारी होने के कारण प्रशासन के सामने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की चुनौती बढ़ गई है। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक रूट, वीआईपी सुरक्षा, ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग, प्रवेश-निकासी और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस-प्रशासन तैयारी कर रहा है।
भाजपा संगठन और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच भी व्यवस्थाओं को लेकर समन्वय किया जा रहा है। आने वाले दिनों में कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को अंतिम रूप दिया जाएगा।










