इंदौर। दीपावली से पहले शहर में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने छह थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर 10 लाख रुपये से अधिक कीमत के पटाखे जब्त किए हैं।
जांच में सामने आया कि कई लोग बिना वैध लाइसेंस के पटाखे बेच रहे थे, जबकि कुछ ने घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों में आतिशबाजी का सामान जमा कर रखा था। पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छह थाना क्षेत्रों में एक साथ दी दबिश
पुलिस कमिश्नरेट की ओर से अवैध विस्फोटक सामग्री और पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत क्राइम ब्रांच और संबंधित थानों की टीमों ने विजयनगर, लसूड़िया, एरोड्रम, परदेशीपुरा, खजराना और हीरानगर थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की।
पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों की जांच के दौरान अवैध रूप से रखे गए पटाखों का स्टॉक जब्त किया। जब्त आतिशबाजी सामग्री की कुल कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
रिहायशी इलाकों में भंडारण से हादसे का खतरा
क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, घनी आबादी वाले क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में आतिशबाजी सामग्री जमा करना गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। ऐसे स्थानों पर आगजनी या विस्फोट की स्थिति में आसपास के मकानों और लोगों को भी भारी नुकसान पहुंच सकता है।
बिना बिक्री लाइसेंस पटाखे बेचने और अवैध रूप से भंडारण करने वालों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
कार्बाइड गन और कार्बाइड पटाखों पर भी नजर
दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने कार्बाइड गन, कार्बाइड लैंप और कार्बाइड से बने पटाखों की बिक्री व अवैध इस्तेमाल पर भी निगरानी बढ़ा दी है।
अधिकारियों के मुताबिक, त्योहार के दौरान अवैध विस्फोटक सामग्री की बिक्री और भंडारण रोकने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।











