Indore News : माहेश्वरी समाज के चुनाव में जगन्नाथ पैनल का रहा दबदबा, ईश्वर बाहेती बने नए अध्यक्ष

Author Picture
By Raj RathorePublished On: July 5, 2026
Maheshwari Samaj Election Result

Indore News : माहेश्वरी समाज के प्रतिष्ठित चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गए। इस बार चुनाव में चकानैन पैनल और जगन्नाथ पैनल के बीच सीधा मुकाबला था। मतदान के बाद हुई मतगणना में जगन्नाथ पैनल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अधिकांश पदों पर जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर ईश्वर बाहेती ने सत्यानारायण मंत्री को हराकर जीत हासिल की।

चुनाव में कुल 398 मतदाताओं में से करीब 60 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह 9 बजे शुरू हुआ मतदान दोपहर 1 बजे तक चला, जबकि शाम 4 बजे से मतगणना शुरू हुई। परिणामों में जगन्नाथ पैनल के छह उम्मीदवार विजयी रहे।

चुनाव के नतीजे

  • अध्यक्ष पद पर ईश्वर बाहेती निर्वाचित हुए।
  • उपाध्यक्ष पद पर अजय सारड़ा, रजत बेड़िया और केदार हेड़ा ने जीत दर्ज की।
  • संजय मान्धन्या सचिव चुने गए, जबकि संयुक्त सचिव पद पर हर्ष राठी और रजत लड्ढा विजयी रहे।
  • प्रचार मंत्री के रूप में चेतन बियानी और संगठन मंत्री के रूप में नीलेश सारड़ा चुने गए।

तीन साल तक संभालेंगे जिम्मेदारी

चुनाव के लिए मतदान छत्रीबाग स्थित माहेश्वरी स्कूल में दो चरणों में कराया गया। सभी मतदाताओं के लिए पहचान पत्र अनिवार्य किया गया था। निर्वाचित पदाधिकारी अगले तीन वर्षों तक माहेश्वरी संघ की जिम्मेदारी संभालेंगे।

संघ के पदाधिकारियों के अलावा जिला कार्यसमिति, पश्चिमी मध्यप्रदेश प्रादेशिक सभा और अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के प्रतिनिधियों के चयन के लिए भी मतदान कराया गया। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी उम्मीदवारों और उनके समर्थकों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर जीत का जश्न मनाया।