इंदौर के विजयनगर इलाके में रविवार देर रात चाकू लेकर हंगामा कर रहे एक युवक ने पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया। आरोपी ने खुद को कमरे में बंद कर रखा था।
पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची और उसे पकड़ने की कोशिश की, तभी उसने जवान राजपाल सेंधव की पीठ पर चाकू से वार कर दिया। घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए मेदांता अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
डायल-112 पर मिली सूचना, कमरे में बंद था आरोपी
विजयनगर पुलिस के मुताबिक, रविवार रात डायल-112 पर श्रीराम मंदिर, विजयनगर से सूचना मिली थी कि एक युवक ने खुद को कमरे में बंद कर रखा है और हाथ में चाकू लेकर हंगामा कर रहा है।
सूचना मिलने पर बीट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी राजपाल सेंधव मौके पर पहुंचे। वहां पता चला कि आरोपी जितेंद्र, पिता सुरेंद्र रघुवंशी, मूल रूप से रायसेन का रहने वाला है और इंदौर में किराए के मकान में रहता है। वह कमरे के अंदर से जोर-जोर से चिल्लाकर लोगों को भागने के लिए कह रहा था।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस, बहन को भी चाकू से डराया
पुलिसकर्मियों ने जितेंद्र को समझाने और दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
मौके पर मौजूद आरोपी की बहन पूजा ने भी उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह उसे भी चाकू दिखाकर डराने लगा। स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने आरोपी को घेरकर पकड़ने की कोशिश की।
पकड़ने के दौरान जवान की पीठ पर किया चाकू से वार
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने की कोशिश के दौरान उसने पुलिसकर्मी राजपाल सेंधव की पीठ पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया और घायल जवान को तत्काल मेदांता अस्पताल पहुंचाया।
विजयनगर पुलिस ने आरोपी जितेंद्र के खिलाफ पुलिसकर्मी पर हमला करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।











