सीएम मोहन यादव ने 24 लाख महिलाओं को दी बड़ी सौगात, अकाउंट में 115 करोड़ रुपए किए ट्रांसफर

Author Picture
By Raj RathorePublished On: May 24, 2026
CM Mohan Yadav in Singrauli

CM Mohan Yadav : सीएम डॉ. मोहन यादव ने 23 मई को सिंगरौली जिले को बड़ी सौगात देते हुए ₹552 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। अपने सिंगरौली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने कई जनकल्याणकारी योजनाओं की राशि भी हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक के जरिए ट्रांसफर की।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रदेश की 24 लाख महिलाओं के खातों में तीन माह की लगभग ₹115 करोड़ की अनुदान राशि भेजी। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 33.71 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में ₹202.28 करोड़ से ज्यादा की राशि अंतरित की गई।

कोई कमी नहीं आने देंगे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में नई पहचान बना रहा है और मध्यप्रदेश भी इस विकास यात्रा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। लाड़ली बहना योजना के तहत हर माह महिलाओं के खातों में ₹1500 की राशि भेजी जा रही है और सरकार बहनों के कल्याण के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व-सहायता समूहों के जरिए प्रदेश की महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हुई हैं। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राइसिकिल भी वितरित की गई।

सिंगरौली अब सोने के लिए भी पहचान बना रहा

सीएम मोहन यादव ने कहा कि सिंगरौली प्रदेश की ऊर्जा राजधानी होने के साथ आर्थिक रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण जिला है। उन्होंने कहा कि ऊर्जाधानी सिंगरौली अब केवल कोयले के लिए ही नहीं, बल्कि यहां सोने की खदान मिलने के कारण भी चर्चा में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सिंगरौली के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जिले को रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में लगातार नई सौगातें दी जा रही हैं।

विकास में आगे बढ़ रहा सिंगरौली

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब सिंगरौली के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती थी, लेकिन अब तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष एमपी बोर्ड परीक्षाओं में जिले के पांच विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में स्थान हासिल किया है, जो जिले की शैक्षणिक प्रगति को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि सिंगरौली ज्ञान और विज्ञान की धरती बन रहा है तथा जिले में चार सांदीपनि विद्यालय स्थापित किए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं मिलेंगी।