Breaking : टीआई हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने आईसर चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू का किया शॉर्ट एनकाउंटर

Author Picture
By Raj RathorePublished On: November 3, 2026

अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान थाना प्रभारी को आईसर वाहन से कुचलने के मामले में फरार चल रहे आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू को देवास पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस अभिरक्षा से भागने के प्रयास और पुलिसकर्मियों पर हमले के दौरान आरोपी के साथ शॉर्ट एनकाउंटर हुआ। इसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है।

पुलिस से हथियार छीनकर हमले का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू पर कर्तव्य निर्वहन के दौरान थाना प्रभारी को वाहन से कुचलने की घटना में शामिल होने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया।

इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों से हथियार छीनकर हमला किया। इसके बाद पुलिस ने चेतावनी देते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।

बरोठा थाना क्षेत्र के पास हुई कार्रवाई

आरोपी के साथ शॉर्ट एनकाउंटर देवास के पास थाना बरोठा क्षेत्र में हुआ। पुलिस के मुताबिक, पूरी कार्रवाई निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप की गई।

घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय देवास में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

दो फरार आरोपियों पर घोषित था इनाम

इस प्रकरण में वांछित दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग ₹10,000 का इनाम घोषित किया था। गजेंद्र उर्फ अक्कू की गिरफ्तारी को मामले में देवास पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

फिलहाल आरोपी जिला चिकित्सालय देवास में उपचाररत है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।