देश के प्रमुख उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के निदेशक अनंत अंबानी गुरुवार को मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध बागेश्वर धाम पहुंचे। यहां पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्हें मुद्गर, बालाजी की रुद्राक्ष माला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अनंत अंबानी को श्री बागेश्वर बालाजी, संन्यासी बाबा और प्रेतराज सरकार के दर्शन कराए तथा धाम की धार्मिक महत्ता से भी अवगत कराया। दर्शन के बाद दोनों ने बालाजी महाराज की आरती कर देश, धर्म और जनकल्याण की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद अनंत अंबानी बेहद प्रसन्न और उत्साहित नजर आए।
11 कन्याओं का किया पूजन
दर्शन के बाद अनंत अंबानी और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री यज्ञशाला पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ-हवन में आहुति अर्पित की गई। इस दौरान अनंत अंबानी ने विधि-विधान से 11 कन्याओं का पूजन कर उन्हें दक्षिणा भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने काशी से आए विद्वान ब्राह्मणों का भी सम्मान किया।
इससे पहले अनंत अंबानी विशेष विमान से खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचे, जहां बागेश्वर धाम सेवा समिति के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से वे सीधे सड़क मार्ग से बागेश्वर धाम पहुंचे।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
अनंत अंबानी के दौरे को लेकर बागेश्वर धाम और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। उनके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले अनंत अंबानी ने आंध्र प्रदेश के तिरुपति बालाजी मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन किए थे। इस दौरान उन्होंने मंदिर की परंपरा का पालन करते हुए अपने बाल भगवान को समर्पित कर केशदान भी किया था।










