सिवनी में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर BJP की जीत, कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग से हार

Author Picture
By EditorPublished On: October 24, 2026

सिवनी
 जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज मालती मुकेश डेहरिया को हटाने गोंडवाना के गठजोड़ से लाया गया कांग्रेस का प्रस्ताव गुरुवार को वोटिंग में धराशायी हो गया। सियासी उलटफेर के प्रयासों पर पानी फिरने से भाजपा पदाधिकारी जीत की खुशी मना रहे हैं। वहीं वोटिंग में अविश्वास प्रस्ताव विफल होने से मालती डेहरिया की कुर्सी सुरक्षित हो गई है।

कलेक्ट्रेट परिसर में दोपहर तक चलेगी गहमागहमी के बीच वोटिंग के परिणामों से कांग्रेस को एक बार फिर हार का सामना करना पड़ा, जबकि भाजपा अपनी रणनीति में सफल हो गई। अविश्वास प्रस्ताव खारिज होते ही भाजपा संगठन व कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों व मिठाई बांटकर खुशी मनाई। विधायक दिनेश राय ने कहा कि यह परिणाम भाजपा की संगठनात्मक शक्ति और एकजुटता का प्रतीक है।

व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए लाया गया प्रस्ताव जनता के जनादेश के सामने टिक नहीं सका। भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन ने कहा कि यह हमारी कुशल रणनीति और सांसदों-विधायकों के सामूहिक प्रयासों की जीत है।

16 ने लाया प्रस्ताव, वोटिंग में रह गए 12
अविश्वास प्रस्ताव को पारित करने 13 मतों की आवश्यकता थी। गोंडवाना और कांग्रेस के 16 सदस्यों ने जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। लेकिन मतदान में 4 सदस्यों ने पाला बदल लिया और कांग्रेस के अरमानों पर पानी फिर गया।