मांगों की झड़ी के बीच सीएम मोहन यादव का बड़ा फैसला, 4 मिनट में की ये 7 बड़ी घोषणाएं

Author Picture
By Pinal PatidarPublished On: February 27, 2026
Mohan Yadav on Budget 2026

सागर जिले के गढ़ाकोटा में आयोजित रहस मेला उद्घाटन समारोह में मोहन यादव ने मंच से ताबड़तोड़ सात बड़ी घोषणाएं कर क्षेत्र को विकास की सौगात दी। विधायक गोपाल भार्गव की मांग पर महज चार मिनट के भीतर कई प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। रहली और गढ़ाकोटा कृषि उपज मंडियों के सुदृढ़ीकरण के लिए 5-5 करोड़ रुपए तथा शाहपुर उपमंडी के लिए 1 करोड़ रुपए मंजूर किए गए। साथ ही रहली रमखरिया से सिमरिया नायक बहेरिया तक 22 किलोमीटर सड़क को टू-लेन बनाने के 46 करोड़ रुपए के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। शाहपुर-मोकलपुर मार्ग पर फ्लाईओवर निर्माण और रहली व गढ़ाकोटा में मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स खोलने की भी घोषणा की गई।

मांगों की सूची पर त्वरित फैसला

यह मुख्यमंत्री का गढ़ाकोटा में तीसरा दौरा था। तीन दिवसीय रहस मेले के शुभारंभ अवसर पर विधायक भार्गव ने क्षेत्रीय विकास से जुड़ी दस से अधिक मांगें रखीं। मुख्यमंत्री ने पूरी सूची पर संक्षिप्त नजर डाली और सात अहम मांगों को तत्काल स्वीकार कर लिया। क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फूड पार्क स्थापित करने की घोषणा भी की गई। बेरोजगारी के मुद्दे पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि सांसद और विधायकों की एक समिति गठित कर व्यवहारिक प्रस्ताव तैयार किए जाएं, जिन पर सरकार प्राथमिकता से कार्य करेगी।

सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत करोड़ों की राशि ट्रांसफर

कार्यक्रम स्थल से ही मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत बड़ी वित्तीय सहायता जारी की। सिंगल क्लिक के माध्यम से 32 लाख 78 हजार 735 हितग्राहियों के खातों में 196.72 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई। इनमें सागर जिले के 2 लाख 688 लाभार्थियों को 12.03 करोड़ रुपए प्राप्त हुए। यह राशि वृद्धावस्था, विधवा और अन्य पेंशन योजनाओं के तहत दी गई, जिससे जरूरतमंद परिवारों को सीधा लाभ मिला।

‘मां यशोदा’ योजना के तहत बच्चों को मुफ्त दूध

मुख्यमंत्री ने शिक्षा और पोषण को जोड़ते हुए नई पहल की घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन में वृद्धि को देखते हुए अब सरकारी स्कूलों में आठवीं तक के विद्यार्थियों को “मां यशोदा” योजना के तहत निःशुल्क दूध उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने धार्मिक संदर्भ देते हुए कहा कि जैसे माता यशोदा ने श्रीकृष्ण को पोषित किया, वैसे ही राज्य सरकार बच्चों के पोषण की जिम्मेदारी निभाएगी। इस योजना के तहत विद्यार्थियों को नियमित रूप से दूध के पैकेट वितरित किए जाएंगे।

मजबूत वित्तीय स्थिति और नई योजनाओं का संकेत

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ है और विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि पहली बार प्रदेश का कृषि बजट एक लाख करोड़ रुपए से अधिक पहुंचा है। कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है ताकि किसानों की आय बढ़े। महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि पहले एक हजार रुपए से शुरू हुई सहायता राशि को बढ़ाकर डेढ़ हजार रुपए किया गया है और अब एक नई नारी सशक्तिकरण योजना भी शीघ्र लागू की जाएगी।