इंदौर के Himalaya International School के छात्रों का मनाली में हुआ एक्सीडेंट, आधा दर्जन से ज्यादा हुए घायल

Author Picture
By Raj RathorePublished On: November 2, 2026

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के कोकसर में सोमवार को इंदौर के हिमालया पब्लिक स्कूल के बच्चों को ले जा रही एक टेंपो ट्रैवलर सड़क हादसे का शिकार हो गई।

हादसे में 7 स्कूली बच्चे और एक शिक्षक घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।

वाहन में इंदौर स्थित हिमालया पब्लिक स्कूल के 11 विद्यार्थी, एक शिक्षक और ड्राइवर सवार थे। कुछ घायलों को मनाली अस्पताल, जबकि अन्य को सिस्सू के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

गढ़बोर के पास चालक ने खोया नियंत्रण, सड़क से नीचे पलटी गाड़ी

जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर बाद टेंपो ट्रैवलर मनाली से रोहतांग दर्रा होते हुए कोकसर से अटल टनल की ओर जा रही थी। इसी दौरान गढ़बोर के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद गर्ग एंड गर्ग कंपनी के प्लांट के नजदीक वाहन नंबर HP01K9878 सड़क से नीचे पलट गया।

हादसे की सूचना मिलते ही कोकसर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

7 बच्चे और एक शिक्षक घायल, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज

डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में कुल 11 बच्चे, एक शिक्षक और चालक सवार थे। हादसे में एक शिक्षक सहित 7 बच्चे घायल हुए हैं। सभी घायलों का मनाली अस्पताल और पीएचसी सिस्सू में उपचार चल रहा है।

डीएसपी के अनुसार, घायलों के मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट (एमएलसी) प्राप्त कर लिए गए हैं। उनके परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई एएसआई श्याम लाल, प्रभारी पुलिस पोस्ट कोकसर द्वारा की जा रही है।