योगी सरकार में निखर रहीं खेल प्रतिभाएं, लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज ने दिल्ली में जीता नेहरू हॉकी टूर्नामेंट

Author Picture
By ranvijay singhPublished On: November 1, 2026
Sports talent flourishing under the Yogi government; Lucknow Sports College wins Nehru Hockey Tournament in Delhi

लखनऊ, 31 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों को लगातार सफलता मिल रही है। इसी का शानदार उदाहरण गुरु गोबिन्द सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ की टीम ने पेश किया है। कॉलेज की टीम ने नई दिल्ली में आयोजित 43वें सरदार मनमोहन सिंह सब-जूनियर नेहरू हॉकी टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। रोमांचक फाइनल मुकाबले में लखनऊ की टीम ने गवर्नमेंट हॉकी एकेडमी, सोनीपत (हरियाणा) को 6-5 से पराजित कर स्वर्ण पदक जीता।

अमरजीत तिवारी के शानदार बचाव से जीता लखनऊ

शनिवार को खेला गया फाइनल मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर रहीं। लखनऊ की ओर से मोहम्मद दानिश और समीर अली ने गोल किए। इसके बाद टाई-ब्रेकर शूटआउट में भी दोनों टीमें 4-4 से बराबर रहीं। अंततः लखनऊ के गोलकीपर अमरजीत तिवारी ने शानदार बचाव कर टीम की जीत सुनिश्चित की। उनके दमदार प्रदर्शन ने टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।

लखनऊ टीम को 1.60 लाख रुपये का नकद पुरस्कार

इस उपलब्धि पर विजेता लखनऊ की टीम को 1.60 लाख रुपये और उपविजेता सोनीपत की टीम को 96 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए लखनऊ के मोहम्मद दानिश को ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ घोषित किया गया। उन्हें 25 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। वहीं, फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए सोनीपत के रोहित को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया और 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।

वर्ष 2018 के बाद दूसरी बार चैंपियन बना लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज

विजेता टीम के प्रशिक्षक धर्मेन्द्र प्रताप सोनकर को भी 25 हजार रुपये की विशेष पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि उपविजेता टीम के प्रशिक्षक को 10 हजार रुपये मिले। उल्लेखनीय है कि गुरु गोबिन्द सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज की टीम इससे पहले वर्ष 2018 में भी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का खिताब जीत चुकी है। कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपेन्द्र यादव ने विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक धर्मेन्द्र प्रताप सोनकर को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम आगे भी इसी तरह प्रदर्शन कर कॉलेज और प्रदेश का गौरव बढ़ाएगी। जीत की खबर मिलते ही कॉलेज परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षक और शिक्षणेतर कर्मचारियों ने भी खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।