चक्रवात ‘अर्णब’ को लेकर यूपी में अलर्ट, 28 से 31 अक्टूबर तक बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

Author Picture
By EditorPublished On: October 27, 2026

चक्रवात ‘अर्णब’ को लेकर यूपी में अलर्ट, राहत-बचाव की तैयारियों में जुटी योगी सरकार

यूपी में 28 से 31 अक्टूबर तक बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान

राहत आयुक्त कार्यालय ने जारी की एडवाइजरी, बेमौसम बारिश और आंधी को लेकर सतर्क हुआ प्रशासन

किसानों से फसल और पशुधन बचाने की अपील, तापमान में 8 डिग्री तक गिरावट की आशंका

कई जिलों में विभिन्न स्तर के अलर्ट, 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

लखनऊ
 चक्रवात ‘अर्णब’ के संभावित प्रभाव से उत्तर प्रदेश में 28 से 31 अक्टूबर के बीच बेमौसम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका है। इसको देखते हुए योगी सरकार अलर्ट हो गई है। मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय ने जनसामान्य और किसानों के लिए सतर्कता संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रदेश सरकार ने संभावित मौसम परिवर्तन के मद्देनजर राहत-बचाव और एहतियाती उपायों पर जोर दिया है।

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 29 अक्टूबर को कई जिलों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट है। 

तापमान में आ सकती है गिरावट
चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर सहित कई क्षेत्रों में वर्षा का अनुमान है। 30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के कई जिलों के साथ बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भारी बारिश व तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। इसके चलते दिन के तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

राहत आयुक्त कार्यालय ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आंधी-तूफान के दौरान पक्के भवनों में शरण लेने, पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने व अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों, खेतों और जलाशयों के पास जाने से भी बचने को कहा है।

किसानों के लिए विशेष सावधानी
किसानों को फसलों और कृषि उपज की सुरक्षा के लिए जरूरी एहतियाती कदम उठाने व पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है। लोगों से मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक मौसम बुलेटिन और सचेत ऐप पर जारी अलर्ट देखते रहने की अपील की गई है।