इंदौर के नेमावर रोड स्थित पालदा क्षेत्र में शुक्रवार को नगर निगम की रिमूवल टीम की कार्रवाई के दौरान जमकर विवाद हो गया। ठेले हटाने पहुंची टीम का स्थानीय लोगों ने विरोध किया।
मौके पर पहुंचे पार्षद कुणाल सोलंकी भी ठेले वालों और रहवासियों के साथ निगम की गाड़ी के सामने बैठ गए और धरना शुरू कर दिया।
ठेले हटाने की कार्रवाई का किया विरोध
नगर निगम की रिमूवल टीम पालदा क्षेत्र में ठेले हटाने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान पार्षद कुणाल सोलंकी मौके पर पहुंचे और ठेले वालों के समर्थन में विरोध जताया।
उनके साथ स्थानीय रहवासी भी मौजूद रहे। पार्षद के निगम की गाड़ी के सामने बैठने के बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
पार्षद का आरोप- मुझ पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की
पार्षद कुणाल सोलंकी ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान रिमूवल गैंग ने उन पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। उन्होंने नगर निगम से जब्त किए गए ठेले छोड़ने और ठेले वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने की मांग की।
पार्षद ने कहा कि ठेले वालों को राहत दी जानी चाहिए और जब्त किए गए ठेले वापस किए जाने चाहिए। कार्रवाई को लेकर पार्षद और नगर निगम की टीम के बीच विवाद बढ़ गया।
फिलहाल, इस मामले में पार्षद की ओर से लगाए गए आरोपों पर निगम का पक्ष सामने नहीं आया है।












