मध्यप्रदेश को स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर केंद्र से 221 करोड़ रूपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत

Author Picture
By EditorPublished On: October 23, 2026

 भोपाल
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के फलस्वरूप मध्यप्रदेश को केन्द्र सरकार से स्वास्थ्य अधोसंरचना के उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 221 करोड़ रूपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत हुई है। यह सहायता राज्य को स्वास्थ्य संबंधी प्रमुख संकेतकों में उल्लेखनीय उपलब्धियों के आधार पर प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान की गई है। यह राशि देशभर के राज्यों को प्राप्त स्वीकृतियों में तीसरी सबसे बड़ी सहायता है, जो स्वास्थ्य क्षेत्र में मध्यप्रदेश की प्रभावी कार्यप्रणाली और निरंतर प्रगति को दर्शाती है।

स्वीकृत राशि का उपयोग प्रदेश के शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों की अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए किया जाएगा। इसके अंतर्गत विशेष रूप से मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा क्षयरोग (टीबी) सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा, जिससे प्रदेश के नागरिकों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यह वित्तीय सहायता अस्पतालों एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार, सेवा प्रदायगी में सुधार तथा राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप संस्थागत उन्नयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।