इंदौर में एक सरकारी बैठक के दौरान साथ बैठे आईएएस दंपती की तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा और बड़वानी कलेक्टर जयति सिंह एक ही बैठक में शामिल हुए थे।
बैठक में दोनों के लिए आसपास सीटें निर्धारित थीं, जिसके चलते वे साथ बैठे नजर आए। दोनों पति-पत्नी हैं और इंदौर संभाग के आसपास के जिलों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
इंदौर में हुई कृषि विभाग की बैठक
दरअसल, इंदौर में अपर मुख्य सचिव (ACS) स्तर की कृषि संबंधी बैठक आयोजित की गई थी। इसमें इंदौर संभाग के विभिन्न जिलों के अधिकारियों और कलेक्टरों को बुलाया गया था।
बैठक की अध्यक्षता कृषि उत्पादन आयुक्त केसी गुप्ता ने की। सभी जिलों से आए कलेक्टरों के लिए बैठने की व्यवस्था की गई थी।
इंदौर के कलेक्टर हैं शिवम वर्मा
शिवम वर्मा 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और इंदौर के कलेक्टर के रूप में पदस्थ हैं। इससे पहले वे इंदौर नगर निगम में आयुक्त की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
इंदौर प्रदेश का प्रमुख आर्थिक और व्यावसायिक केंद्र है, ऐसे में जिले के प्रशासनिक कामकाज में कलेक्टर की अहम भूमिका रहती है।
बड़वानी की कलेक्टर हैं जयति सिंह
शिवम वर्मा की पत्नी जयति सिंह 2016 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में बड़वानी की कलेक्टर हैं। वे पहली बार कलेक्टर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
इंदौर से बड़वानी की दूरी करीब 158 किलोमीटर है। दोनों की तैनाती आसपास के जिलों में होने के कारण वे एक ही संभाग की प्रशासनिक बैठकों में शामिल होते हैं।
सख्त कार्रवाई को लेकर चर्चा में रही हैं जयति सिंह
जयति सिंह की पहचान सख्त प्रशासनिक फैसलों के लिए भी रही है। डबरा में एसडीएम के पद पर रहते हुए उन्होंने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की थी। उस दौरान तत्कालीन मंत्री इमरती देवी ने उन्हें हटाने की मांग उठाई थी।
अलग-अलग जिलों में पदस्थापना के दौरान भी वे प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर चर्चा में रही हैं। सरकारी बैठक में साथ बैठे आईएएस दंपती की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है।










