मोहन भागवत और दत्तात्रेय होसबोले आएंगे इंदौर, 2 से 4 नवंबर तक होगी आरएसएस की बैठक

Author Picture
By Raj RathorePublished On: October 22, 2026

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल बैठक इस बार इंदौर में आयोजित होगी। 2 से 4 नवंबर तक चलने वाली इस तीन दिवसीय बैठक में संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले समेत संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।

बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में हुए कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ नशे की समस्या, डिजिटल माध्यमों पर उपलब्ध कंटेंट, बाहरी शक्तियों के हस्तक्षेप और वैश्विक परिस्थितियों पर चर्चा होगी।

इंदौर में जुटेंगे संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी 

संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, बैठक मालवा प्रांत के इंदौर शहर में होगी।

इसमें संघ प्रमुख और सरकार्यवाह के अलावा सभी छह सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्य विभागों के प्रमुख तथा अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल के सदस्य शामिल होंगे।

शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की होगी समीक्षा

बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में आयोजित कार्यक्रमों और गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। इस दौरान संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा के साथ अब तक हुए कार्यों का आकलन भी किया जाएगा।

नशे की समस्या से लेकर डिजिटल कंटेंट तक पर मंथन

बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ देश और दुनिया से जुड़े मौजूदा मुद्दों पर भी चर्चा प्रस्तावित है। इनमें नशीली दवाओं की समस्या, नए डिजिटल माध्यमों पर उपलब्ध कंटेंट, बाहरी शक्तियों का हस्तक्षेप और वैश्विक परिदृश्य प्रमुख हैं।

तीन दिनों तक चलने वाली इस बैठक में इन विषयों पर विचार-विमर्श के साथ संघ के शताब्दी वर्ष से जुड़े कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी।