इंदौर में रोहित बनकर आया गाजियाबाद का अनस खान, होटल पहुँचने पर खुली पोल, युवती ने चप्पल से की पिटाई

Author Picture
By Raj RathorePublished On: October 21, 2026

इंदौर में पहचान छुपाकर सोशल मीडिया के जरिए युवती से दोस्ती करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी अनस खान ने एक ऑनलाइन ऐप पर युवती से दोस्ती करते समय अपना नाम रोहित बताया था।

सोमवार को वह युवती से मिलने इंदौर पहुंचा, जहां उसकी पहचान को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़कर उसकी पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।

गाजियाबाद से इंदौर मिलने पहुंचा था युवक

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के मुताबिक, अनस खान पुत्र निशू खान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का रहने वाला है। युवती राजस्थान के श्रीगंगानगर की निवासी है।

उसका अपने पति से तलाक हो चुका है और फिलहाल वह इंदौर के गौरीनगर क्षेत्र में अपनी बहन के साथ रहती है। युवती यहां ब्यूटी पार्लर का कोर्स कर रही है।

ऑनलाइन ऐप के जरिए हुई थी दोस्ती

जानकारी के मुताबिक, युवती की अनस खान से एक ऑनलाइन ऐप के जरिए दोस्ती हुई थी। शुरुआत में दोनों सोशल मीडिया पर बातचीत करते थे, जिसके बाद फोन पर भी बात होने लगी।

युवती का आरोप है कि युवक ने दोस्ती के दौरान अपना नाम रोहित बताया था। बाद में उसे युवक की वास्तविक पहचान के बारे में पता चला।

होटल में रुकने की बात पर हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि सोमवार को अनस खान युवती से मिलने गाजियाबाद से इंदौर आया था। आरोप है कि वह युवती को बहाने से होटल में रुकने के लिए साथ ले गया।

इसी दौरान मामले की जानकारी हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं तक पहुंच गई, जिसके बाद विवाद हो गया।

युवती ने भी चप्पलों से पीटा

बजरंग दल के विभाग संयोजक प्रवीण दरेकर के मुताबिक, सूचना मिलने पर वे अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने उसकी पिटाई की।

युवती ने भी गुस्से में युवक को चप्पलों से पीटा। युवती का आरोप है कि युवक ने अपनी पहचान छिपाकर उससे दोस्ती की और उसे धोखे में रखा।