इंदौर में अतिक्रमण हटाने पर मचा बवाल, युवक ने ADCP को दिया धक्का, जमीन पर गिरे, देखें वीडियो

Author Picture
By Raj RathorePublished On: September 9, 2026

इंदौर के साउथ तोड़ा में बुधवार को नगर निगम की रिमूवल कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हो गया। भीड़ को पीछे हटाने के दौरान पीछे मौजूद एक युवक ने एडिशनल DCP दिशेष अग्रवाल को धक्का दे दिया।

अचानक धक्का लगने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद पुलिस ने मौके से 6 लोगों को हिरासत में लिया।

नगर निगम की टीम कार्रवाई के लिए 100 से ज्यादा कर्मचारियों, 3 पोकलेन और 6 जेसीबी के साथ पहुंची थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 80 से ज्यादा पुलिस जवान और अधिकारी तैनात किए गए थे। निगम के मुताबिक कार्रवाई के दौरान 50 शेड और 6 मकानों के अवैध हिस्से हटाए गए।

सामान बाहर निकालने को लेकर महिलाओं से हुआ विवाद

रिमूवल कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाएं पुलिसकर्मियों से सामान बाहर निकालने को लेकर बहस करने लगीं। महिलाओं का कहना था कि नोटिस में उन्हें सुबह 9 बजे तक का समय दिया गया है।

इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और मौके पर भीड़ जमा होने लगी। कई लोग अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। स्थिति को देखते हुए एडिशनल DCP दिशेष अग्रवाल भीड़ को पीछे हटाने लगे।

इसी दौरान पीछे खड़े एक युवक ने उन्हें धक्का दे दिया। धक्का लगने से अधिकारी का संतुलन बिगड़ा और वे जमीन पर गिर पड़े। पुलिस जवानों ने तुरंत युवक को पकड़ लिया। उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक समेत कुछ लोगों को भी हिरासत में लिया गया।

6 लोगों को हिरासत में लिया

एडिशनल DCP दिशेष अग्रवाल ने बताया कि रिमूवल कार्रवाई के दौरान 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए 80 से ज्यादा पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात किए गए थे।

50 शेड और मकानों के अवैध हिस्से हटाए

निगम अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद निगम की टीम ने टेप से नपती कर अवैध निर्माण को चिन्हित किया और उन्हें हटाया।

झोन-11 के झोनल अधिकारी गीतेश तिवारी ने बताया कि साउथ तोड़ा में 50 शेड और 6 मकानों के अवैध हिस्से हटाए गए हैं। क्षेत्र में आने वाले दिनों में सड़क निर्माण और चौड़ीकरण का काम प्रस्तावित है। इसी के चलते यह रिमूवल कार्रवाई की गई।