मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दुबई दौरे से पहले मध्यप्रदेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार ने 11 IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। तबादला सूची में सचिव और अपर सचिव स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं।
इसके साथ ही सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने अलग आदेश जारी कर 6 राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। SAS अधिकारियों में जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) और सिंहस्थ उज्जैन के अपर मेला अधिकारी के पद पर की गई नियुक्तियां भी शामिल हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग में बदली जिम्मेदारी
प्रशासनिक फेरबदल के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। विभाग की आयुक्त निधि निवेदिता को OSD, शहर राजस्व आयुक्त के साथ आयुक्त, भू-अभिलेख का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं OSD सह श्रम आयुक्त संदीप जीआर को OSD सह आयुक्त, महिला एवं बाल विकास बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें मिशन संचालक, अटल बिहारी वाजपेयी बाल आरोग्य एवं पोषण मिशन की जिम्मेदारी भी दी गई है।
राजस्व विभाग में भी फेरबदल
प्रमुख राजस्व आयुक्त अनुभा श्रीवास्तव को अब सचिव, राजस्व विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह आयुक्त सह संचालक, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक कल्याण सतेंद्र सिंह को सचिव, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का दायित्व दिया गया है।
6 SAS अधिकारियों का भी हुआ ट्रांसफर
IAS अधिकारियों के तबादलों के साथ ही सामान्य प्रशासन विभाग ने 6 SAS अधिकारियों की नई पदस्थापना की है। इनमें जिला पंचायतों के CEO और सिंहस्थ उज्जैन के अपर मेला अधिकारी के पद शामिल हैं। सिंहस्थ की तैयारियों के बीच उज्जैन में अपर मेला अधिकारी की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं जिला पंचायतों में CEO स्तर पर बदलाव के बाद संबंधित जिलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों में भी बदलाव होगा।














