उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई को रिकॉर्ड 35 करोड़ पौधों के रोपण का महाअभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर इस महाअभियान की शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री ने हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में निर्देश दिए थे कि यह अभियान जनप्रतिनिधियों और आमजन की भागीदारी के साथ जनोत्सव के रूप में आयोजित किया जाए।
इस अभियान में प्रदेश सरकार के साथ-साथ केंद्र सरकार के कई मंत्री भी हिस्सा लेंगे। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य झांसी में, जबकि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक लखनऊ में पौधरोपण करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी लखनऊ में पौधा लगाएंगे।
वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना और राज्यमंत्री केपी मलिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी बागपत, जितिन प्रसाद पीलीभीत, अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर, एस.पी. सिंह बघेल आगरा, कीर्तिवर्धन सिंह गोंडा, बी.एल. वर्मा बदायूं और कमलेश पासवान देवरिया में पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश सरकार के सभी मंत्री भी अलग-अलग जिलों में पहुंचकर पौधरोपण करेंगे। इनमें सूर्य प्रताप शाही (देवरिया), आशीष पटेल (मिर्जापुर), सुरेश खन्ना (शाहजहांपुर), स्वतंत्र देव सिंह (जालौन), भूपेंद्र चौधरी (मुरादाबाद), योगेंद्र उपाध्याय (आगरा), बेबी रानी मौर्य (एटा), लक्ष्मी नारायण चौधरी (मथुरा), जयवीर सिंह (फिरोजाबाद), धर्मपाल सिंह (बरेली), नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ (प्रयागराज), अनिल राजभर (चंदौली), राकेश सचान (कानपुर नगर), ए.के. शर्मा (आजमगढ़), संजय निषाद (अंबेडकर नगर), ओमप्रकाश राजभर (गाजीपुर), दारा सिंह चौहान (मऊ), सुनील कुमार शर्मा (नोएडा), मनोज पांडेय (प्रतापगढ़) और अनिल कुमार (बिजनौर) सहित अन्य मंत्री अपने-अपने निर्धारित जिलों में पौधरोपण करेंगे।
प्रदेश सरकार का लक्ष्य इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का बड़ा जनआंदोलन बनाना है। इसके लिए प्रदेशभर में विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।










