उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज मंडल के विकास को नई गति देते हुए 16,015 करोड़ रुपये की लागत वाली 3,093 विकास परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। रविवार को प्रयागराज मेला प्राधिकरण के सभागार में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 अगस्त तक सभी स्वीकृत परियोजनाओं का शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाए, ताकि विकास योजनाओं का लाभ जल्द से जल्द लोगों तक पहुंच सके।
स्वीकृत परियोजनाओं के तहत प्रयागराज में 9,668.27 करोड़ रुपये की लागत से 1,168 विकास कार्य, प्रतापगढ़ में 2,053.36 करोड़ रुपये की लागत से 1,092 परियोजनाएं, फतेहपुर में 3,378.37 करोड़ रुपये की लागत से 521 कार्य तथा कौशांबी में 915.13 करोड़ रुपये की लागत से 313 विकास कार्य कराए जाएंगे।
प्रयागराज में 874 नई सड़कें बनेंगी
लोक निर्माण विभाग की योजना के तहत प्रयागराज जिले की सभी 12 विधानसभा क्षेत्रों में 874 नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन सड़कों की कुल लंबाई 1,346.36 किलोमीटर होगी, जिस पर 1,074 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा, वर्षों पहले बनी 34 सड़कों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण भी किया जाएगा। करीब 430 किलोमीटर लंबी इन सड़कों पर 1,245.83 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी।
20 बड़े पुल, 108 लघु सेतु और 5 हेलीपैड भी बनेंगे
विकास योजना के तहत विभिन्न तहसीलों में 5 हेलीपैड बनाए जाएंगे, जिन पर करीब 1.96 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं 108 लघु सेतुओं (छोटी पुलिया) के निर्माण पर 157 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी।
इसके अलावा 60 मीटर से अधिक लंबाई वाले 20 बड़े पुलों का निर्माण सेतु निगम के माध्यम से कराया जाएगा। इन पुलों के निर्माण पर 4,145 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है।
लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता पी.के. राय ने बताया कि मुख्यमंत्री ने विभाग की सभी प्रस्तावित परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। बजट आवंटित होते ही निर्माण कार्य तेज गति से शुरू कर दिए जाएंगे।
एक नजर में परियोजनाएं
- 3,093 विकास परियोजनाएं स्वीकृत
- 16,015 करोड़ रुपये की कुल लागत
- 874 नई सड़कें
- 34 सड़कों का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण
- 6 फ्लाईओवर और बाईपास
- 106 रोड सेफ्टी परियोजनाएं
- 5 हेलीपैड
- 108 लघु सेतु
- 20 दीर्घ (बड़े) पुल
- 15 भवन निर्माण परियोजनाएं










