उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 जुलाई को प्रतापगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जीआईसी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और सदर तथा विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र की करीब 380 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले में हो रहे विकास कार्यों की भी जानकारी देंगे। कार्यक्रम में करीब 20 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।
10 महीने बाद प्रतापगढ़ दौरा
मुख्यमंत्री इससे पहले 29 अगस्त 2025 को प्रतापगढ़ आए थे, जब उन्होंने 570 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया था। उस दौरान उन्होंने जिले के समग्र विकास को गति देने के निर्देश दिए थे। इसके बाद एटीएम, सुखपाल नगर, संसारपुर और भदोही औद्योगिक एस्टेट समेत कई परियोजनाओं पर तेजी से काम हुआ।
अब करीब दस महीने बाद मुख्यमंत्री एक बार फिर प्रतापगढ़ पहुंच रहे हैं। वह सुबह 10 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे और कार्यक्रम के बाद सुल्तानपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।
सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शनिवार को आईजी अजय मिश्र ने जीआईसी मैदान का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर सहित अन्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम स्थल को व्यवस्थित करने के लिए तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो गई हैं। जीआईसी मैदान में पंडाल लगाने का कार्य शुरू हो चुका है। मैदान की साफ-सफाई के लिए नगर पालिका के 70 और ग्राम पंचायतों के 50, कुल 120 सफाई कर्मियों को लगाया गया है।
50 प्रतिनिधि करेंगे मुख्यमंत्री से मुलाकात
भाजपा संगठन में हाल ही में हुए बदलाव के बाद कई नए पदाधिकारी मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। इसके लिए करीब 50 लोगों की सूची तैयार की जा रही है। मंच पर जनप्रतिनिधियों, पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों की मौजूदगी रहेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रतापगढ़ के आंवले से विशेष लगाव है। इसी को ध्यान में रखते हुए उनके जलपान में आंवले से बने विभिन्न उत्पाद भी शामिल किए जाएंगे। जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां तय समय-सीमा के भीतर पूरी की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।










