उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 8 जुलाई 2026 को प्रस्तावित चित्रकूट दौरा प्रशासन के लिए पूरी तरह मिशन मोड में बदल गया है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को मंडलायुक्त अजीत कुमार, डीआईजी राजेश एस., जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
अधिकारियों ने सबसे पहले चित्रकूट इंटर कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया, जहां मुख्यमंत्री दोपहर 2:25 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। निरीक्षण के दौरान मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां तय समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्ट्रेट में करेंगे विकास कार्यों की समीक्षा
इसके बाद अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट सभागार का निरीक्षण किया। यहां मुख्यमंत्री लोक निर्माण विभाग की पुरानी और नई परियोजनाओं की मंडलीय समीक्षा करेंगे। साथ ही जिले में चल रहे विकास कार्यों, विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति और कानून-व्यवस्था की भी समीक्षा बैठक प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का चित्रकूट में रात्रि प्रवास भी प्रस्तावित है। इसे देखते हुए अधिकारियों ने आवास, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तार से निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: मंडलायुक्त
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त अजीत कुमार ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिला प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।










