इंदौर में बढ़ते जलसंकट के बीच सोमवार को वार्ड 6 और वार्ड 4 के रहवासियों के बीच जमकर हंगामा हो गया। दोनों क्षेत्रों के लोगों का आरोप था कि उनके यहां पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा, जबकि कुछ इलाकों में जरूरत से ज्यादा सप्लाई की जा रही है।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों वार्डों के लोग आमने-सामने आ गए और मौके पर देर तक विवाद चलता रहा। बाद में नगर निगम अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
जांच में सामने आई बड़ी लापरवाही
मामला वार्ड 6 की धर्मराज कॉलोनी और वार्ड 4 की परिहार कॉलोनी का है। जांच के दौरान पता चला कि जिस लाइन से धर्मराज कॉलोनी में पानी सप्लाई होना था, उसे नई पाइपलाइन से जोड़ा ही नहीं गया था।
निगम कर्मचारियों ने लाइन को अधूरा छोड़ दिया था, जिसके कारण तीन कॉलोनियों में लंबे समय से पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही थी। अधिकारियों ने मौके पर खुदाई कर लाइन को जोड़ा, जिसके बाद व्यवस्था सुधारने की कोशिश शुरू की गई।
तीन कॉलोनियां झेल रहीं थीं संकट
पार्षद संध्या यादव ने बताया कि धर्मराज कॉलोनी में बीएसएफ टंकी से पानी सप्लाई होता है, लेकिन लंबे समय से यहां पानी नहीं पहुंच रहा था। इसकी कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि निगम की लापरवाही के कारण धर्मराज कॉलोनी, भोलेनाथ कॉलोनी और नयापुरा क्षेत्र के लोग गंभीर जलसंकट झेल रहे थे। दूसरी ओर परिहार कॉलोनी में सामान्य से ज्यादा पानी पहुंच रहा था और कई जगह दो बार सप्लाई हो रही थी।
महावर नगर में भी फूटा लोगों का गुस्सा
उधर, जलसंकट से परेशान महावर नगर के रहवासी भी सोमवार को सड़क पर उतर आए। लोगों ने चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रहवासियों का कहना था कि उन्हें मुश्किल से 10 मिनट पानी मिल रहा है। साथ ही पूरे क्षेत्र में खुदाई होने के बावजूद रेस्टोरेशन का काम भी पूरा नहीं किया गया है।
प्रदर्शन के बाद पहुंचे अधिकारी
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जतीन थोरात और मनीष मिंडा ने बताया कि क्षेत्र में कुछ समय पहले नई पाइपलाइन डाली गई थी, लेकिन इसके बावजूद पानी की समस्या खत्म नहीं हुई।
लोगों के प्रदर्शन के बाद निगम अधिकारी मौके पर पहुंचे और जल्द सुधार का भरोसा दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांत हुआ।











