MP IAS Transfer : मध्यप्रदेश में हुआ प्रशासनिक बदलाव, तीन आईएएस असफरों के हुए तबादले, देखें लिस्ट

Author Picture
By Raj RathorePublished On: May 6, 2026
MP IAS Transfer

MP IAS Transfer : मध्य प्रदेश सरकार ने बुधवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 3 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव में दो अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारियों के विभागों में अहम परिवर्तन किए गए हैं। सबसे बड़ी जिम्मेदारी संजय शुक्ल को सौंपी गई है, जिन्हें अब गृह विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। इसे सरकार में उनके बढ़ते प्रभाव और भरोसे के तौर पर देखा जा रहा है।

अब तक संजय शुक्ल सामान्य प्रशासन विभाग और मुख्य सचिव कार्यालय के समन्वय की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। नए आदेश के तहत उन्हें गृह विभाग की अहम जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि उनके पास विमानन विभाग के अपर मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार पहले की तरह बना रहेगा।

शिवशेखर शुक्ला को सामान्य प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी

सरकार ने शिवशेखर शुक्ला को सामान्य प्रशासन विभाग का नया अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया है। इससे पहले वे गृह विभाग, संस्कृति विभाग और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके पास जेल विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी था।

आदेश के मुताबिक अब शिवशेखर शुक्ला सामान्य प्रशासन विभाग के साथ संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। इसके अलावा उन्हें कर्मचारी चयन मंडल के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव के रूप में शिवशेखर शुक्ला मानव अधिकार प्रकोष्ठ, विधिक एवं सतर्कता प्रकोष्ठ और मुख्य सचिव समन्वय से जुड़े कार्य भी देखेंगे। प्रशासनिक दृष्टि से इसे सरकार का महत्वपूर्ण पुनर्गठन माना जा रहा है।

अरविंद दुबे को मिला जनसंपर्क संचालक का अतिरिक्त प्रभार

राज्य शासन ने एक अन्य आदेश में अरविंद कुमार दुबे को संचालक जनसंपर्क, भोपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। फिलहाल वे अपर सचिव मुख्यमंत्री, प्रबंध संचालक राज्य कृषि उद्योग विकास निगम और आयुक्त-संचालक उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

मनीष सिंह के भरोसेमंद 

2012 बैच के आईएएस अधिकारी अरविंद दुबे को जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी मिलने के पीछे उनकी प्रशासनिक पकड़ और जनसंपर्क आयुक्त मनीष सिंह के साथ बेहतर समन्वय को भी अहम माना जा रहा है। जब मनीष सिंह नगर निगम भोपाल के कमिश्नर थे, तब अरविंद दुबे वहां अपर आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। दोनों अधिकारियों के बीच अच्छी कार्यशैली और तालमेल को देखते हुए यह जिम्मेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।