Ladli Behna Yojana : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को नर्मदापुरम जिले के सिवनी मालवा को 1000 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाने के साथ अन्य प्रकार से भी उनकी मदद की जाएगी। मुख्यमंत्री ने नर्मदापुरम-टिमरनी स्टेट हाईवे-67 के उन्नयन और पुनर्निर्माण कार्य का भूमि-पूजन भी किया।
सिवनी मालवा में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कुल 106 करोड़ 30 लाख रुपए लागत के 96 विकास कार्यों की आधारशिला रखी और कुछ का लोकार्पण भी किया। इनमें 48 करोड़ 61 लाख की लागत के 45 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 57 करोड़ 69 लाख की लागत के 51 विकास कार्यों का भूमि-पूजन शामिल था। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री और नर्मदापुरम जिले के प्रभारी राकेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे।
Ladli Behna Yojana के लिए बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को अब तक 55 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि उनके बैंक खातों में भेजी जा चुकी है। उन्होंने दोहराया कि योजना की शुरुआत से अब तक प्रति बहन को 40 हजार 500 रुपए से अधिक मिल चुके हैं। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि बहनें चिंता न करें, योजना की राशि 1500 से बढ़ाने के साथ भविष्य में भी जो संभव होगा, वह सब किया जाएगा।
उन्होंने महिलाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए कहा कि राज्य सरकार बहनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और जो कहती है, उसे पूरा करती है। प्रदेश में स्थानीय और नगरीय निकाय चुनावों में पहले से ही 50 प्रतिशत पद बहनों के लिए आरक्षित हैं।
कृषि एवं औद्योगिक विकास पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नर्मदापुरम में उद्योग और कृषि के विकास के लिए विभिन्न गतिविधियों के संचालन की बात कही। उन्होंने नर्मदा नदी के आवली घाट स्थित हथनापुर गांव में एक नई सिंचाई परियोजना विकसित करने की घोषणा की। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र के 40 गांवों के 10 हजार से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने सिवनी-मालवा नगर पालिका में सड़क, सीवेज, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए विशेष निधि से राशि देने की घोषणा भी की।
बुनियादी सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने सिवनी-मालवा-शिवपुर बावरी मुख्य मार्ग की मंजूरी, पीपलपुरा पुल के निर्माण और बनापुरा के शासकीय स्कूलों में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण की घोषणा की। शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए उन्होंने शिवपुर और डोलपुर में सांदीपनि विद्यालय के लिए सर्वेक्षण कराने और उनमें से एक विद्यालय को मंजूरी देने की बात भी कही।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि पिछले दो वर्षों में सिवनी-मालवा को 984 करोड़ रुपए की लागत की सड़कों की सौगात मिली है। उन्होंने विभाग द्वारा गुणवत्तापूर्ण सड़कों के निर्माण पर जोर दिया और लोकपथ ऐप की जानकारी भी दी।
रोजगार और स्थानीय विकास के अवसर
स्थानीय विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की पहल के परिणामस्वरूप इंडियन ऑयल द्वारा डोलरिया में एक नया प्लांट स्थापित किया जा रहा है, जिससे नर्मदापुरम के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। विधायक ने मुख्यमंत्री से आवली घाट पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विकास और सिवनी-मालवा शहर का सीवेज नदी में मिलने से रोकने के लिए एक योजना तैयार करने का भी अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सिवनी मालवा में रोड-शो भी हुआ, जिसमें भारी जनसैलाब उमड़ा। नगर वासियों ने पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीताशरण शर्मा, विधायक विजयपाल सिंह, विधायक ठाकुर दास नागवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष राधा पटेल, बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रीति शुक्ला सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।











