लखनऊ में सीएम योगी ने छह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, Rinku Singh बने क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी

Author Picture
By Raj RathorePublished On: March 24, 2026
Rinku Singh

Rinku Singh : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ के लोकभवन में आयोजित एक विशेष समारोह में राज्य के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बड़ी जिम्मेदारियां और सम्मान सौंपे। इस मौके पर छह खिलाड़ियों को विभिन्न सरकारी पदों पर नियुक्ति पत्र दिए गए, वहीं अन्य खिलाड़ियों को राज्य के प्रतिष्ठित खेल पुरस्कारों से नवाजा गया।

इस समारोह में क्रिकेटर रिंकू सिंह को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी नियुक्त किया गया। हालांकि, वे व्यक्तिगत कारणों से कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके। अन्य पांच खिलाड़ियों में राजकुमार पाल (हॉकी) और प्रवीण कुमार (पैरा ऊँची कूद) को डीएसपी, अजीत सिंह (पैरा भाला फेंक) और सिमरन (पैरा एथलेटिक्स) को जिला पंचायत राज अधिकारी, जबकि प्रीतिपाल (पैरा एथलेटिक्स) को खंड विकास अधिकारी नियुक्त किया गया।

लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड से सम्मान

मुख्यमंत्री योगी ने पांच खिलाड़ियों को लक्ष्मण अवॉर्ड और चार खिलाड़ियों को रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड प्रदान किए। इन दोनों पुरस्कारों के तहत खिलाड़ियों को 3.11 लाख रुपये, कांस्य प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र दिए गए। लक्ष्मण अवॉर्ड पाने वाले खिलाड़ियों में उत्तम सिंह (हॉकी, गाजीपुर), अभिजीत कुमार (जिम्नास्टिक, प्रयागराज), जोंटी कुमार (कुश्ती, नोएडा), यश कुमार (पैरा केनोइंग, आगरा) और प्रवीण कुमार (पैरा एथलेटिक्स, नोएडा) शामिल हैं। वहीं, रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड पाने वालों में प्राची (एथलेटिक्स, सहारनपुर), तान्या चौधरी (एथलेटिक्स, बागपत), प्रगति केसरवानी (पैरा टेबल टेनिस, लखनऊ) और वंतिका अग्रवाल (शतरंज, नोएडा) के नाम शामिल हैं।

कई खिलाड़ियों को दी गई पुरस्कार राशि

समारोह में 14 अन्य खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के आधार पर पुरस्कार राशि भी दी गई। इनमें विनय (पैरा पावरलिफ्टिंग, गोरखपुर) को सर्वाधिक 40 लाख रुपये, विक्रांत बालियान (वुशु, मेरठ), सागर दांगी (शूटिंग, बागपत), दीपक कुमार (पर्वतारोहण, गाजियाबाद), लेफ्टिनेंट कर्नल भानु पाठक (पर्वतारोहण, गोरखपुर) को 15-15 लाख रुपये, तनुश्री पांडेय (सॉफ्ट टेनिस, लखनऊ) को 14 लाख और ओम यादव (सॉफ्ट टेनिस, लखनऊ) को 12 लाख रुपये का पुरस्कार मिला। इसके अलावा, अन्य खिलाड़ियों को 2 से 10 लाख रुपये तक की धनराशि दी गई।

खिलाड़ियों ने सरकार की सराहना की

कार्यक्रम में अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित सिमरन शर्मा और हॉकी खिलाड़ी उत्तम सिंह ने अपने विचार साझा किए। दोनों ने प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को मिल रहे सरकारी प्रोत्साहन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की। मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान एकलव्य क्रीड़ा कोष से भी खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता का ऑनलाइन अंतरण किया।

यह आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, सरकार की यह पहल भविष्य में युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।