एमपी के 12 जिलों में हीट वेव का अलर्ट, मौसम शुष्क, भीषण गर्मी की चेतावनी, 2 दिन बाद बारिश के आसार

Author Picture
By Raj RathorePublished On: March 13, 2026

मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मार्च के महीने में ही लोगों को मई जैसी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को नर्मदापुरम इस सीजन में प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान पहली बार 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए धार और रतलाम में लू (हीटवेव) का अलर्ट जारी किया है।

एक तरफ जहां प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है, वहीं दूसरी ओर राहत की खबर भी है। 15 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से मौसम में बदलाव आएगा। इसके चलते ग्वालियर और जबलपुर संभाग समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

नर्मदापुरम सबसे गर्म, 10 शहरों में पारा 38 के पार

राजस्थान से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं ने मध्य प्रदेश के तापमान में भारी इजाफा किया है। नर्मदापुरम 40.2 डिग्री के साथ सबसे ज्यादा तपा। इसके अलावा रतलाम में 39.5 डिग्री और खजुराहो में 39 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। प्रदेश के 10 से ज्यादा शहरों में दिन का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है, जिनमें धार, दमोह, टीकमगढ़, खंडवा, मंडला और खरगोन शामिल हैं।

अगर बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर 37.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। इसके बाद उज्जैन में 37.5 डिग्री, ग्वालियर में 37.2 डिग्री, भोपाल में 37 डिग्री और जबलपुर में 36.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

15 मार्च से बारिश और गरज-चमक का दौर

भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए 14 मार्च की रात से एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय हो रहा है। इसका असर 15 और 16 मार्च को मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई देगा। मौसम विभाग ने कई जिलों में बादल छाने और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

15 मार्च: ग्वालियर-चंबल और जबलपुर संभाग के जिलों में असर दिखेगा। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, जबलपुर, शहडोल, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा समेत करीब 16 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

16 मार्च: मौसम का असर पूर्वी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ जाएगा। सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, पन्ना और कटनी सहित 14 जिलों में बादल बरसने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, हवा में नमी कम होने और रेगिस्तानी हवाओं के कारण दिन और रात के तापमान में यह बढ़ोतरी देखी जा रही है।